चंडीगढ़ , जुलाई 08 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को कहा है कि वह जसवंत सिंह खालरा सहित हजारों सिख युवाओं और सिख हस्तियों पर कथित अत्याचारों तथा उनकी कुर्बानियों पर आधारित फिल्म 'सतलुज' को पंजाब के गांव-गांव और कोने-कोने में प्रदर्शित करेगा, ताकि नयी पीढ़ी को उस दौर की घटनाओं से अवगत कराया जा सके।
शिरोमणि अकाली दल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह फिल्म उस दौर की घटनाओं को दर्शाती है, जिसे पार्टी के अनुसार कांग्रेस शासनकाल में सिख समुदाय ने झेला। बयान में आरोप लगाया गया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद तथा 1984 सिख विरोधी दंगों के दौरान और उसके पश्चात बड़ी संख्या में निर्दोष सिखों पर अत्याचार हुए और पंजाब में विरोध प्रदर्शन करने वाले अनेक सिख युवाओं को कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ों में मार दिया गया।
श्री बादल ने दावा किया कि फिल्म 'सतलुज' इन घटनाओं का इतिहास और पीड़ितों की कहानी सामने लाती है। पार्टी का आरोप है कि इस इतिहास को नयी पीढ़ी तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है।
बयान में कहा गया कि शिरोमणि अकाली दल फिल्म को पूरे पंजाब में प्रदर्शित करेगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को उस दौर के घटनाक्रम और सिख समुदाय के अनुसार हुए अत्याचारों की जानकारी मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित