मुंबई , अप्रैल 12 -- दिग्गज पार्श्वगायिका आशा भोसले के निधन पर समाचार मिलते ही देश के फिल्म जगत में शोक की लहर फैल गयी। अनेक फिल्मीं हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुये उनके योगदान को याद किया।
दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया। उन्होंने आशा भोसले के साथ अपनी दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। हेमा मालिनी ने इन तस्वीरों के साथ लिखा, 'आशा ताई अब हमारे बीच नहीं हैं! उन्होंने अपनी अनोखी आवाज़ और अंदाज़ से मेरे कई गानों को बेहद लोकप्रिय बनाया। लता जी और आशा जी, दोनों के साथ मेरा बहुत ही खास रिश्ता था; फिल्म इंडस्ट्री में मेरी सफलता में उन दोनों का योगदान बहुत बड़ा रहा है। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई या जिसकी जगह कोई और कभी नहीं ले सकता!'वहीं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "महाराष्ट्र/भारत की शान, दिग्गज गायिका, पद्म विभूषण से सम्मानित, सही मायने में भारत रत्न, अत्यंत प्रतिभाशाली, हमारी महान गायिका लता मंगेशकर की बहन, अद्भुत महिला, जादुई और प्रतिष्ठित गायिका, महान गायिका आशा ताई के निधन से दिल टूट गया है और वह बेहद दुखी हैं।
कमल हासन ने आशा भोसले के साथ चाची-420 की अनसीन फोटोज शेयर की हैं, जिसमें वो आशा ताई के साथ दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'स्थायी गायिका सखी जागो'।
आशा भोसले के निधन पर दिग्गज अभिनेती सायरा बानो बेहद दुखी हैं।उन्होंने कहा कि वे लोग खुश किस्मत थे जिन्हें आशा ताई से जुड़ने का मौका मिला।
शाहरुख खान ने लिखा, आशा ताई के निधन के बारे में जानकर सचमुच बहुत दुख हुआ। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा के मुख्य स्तंभों में से एक रही है और आने वाली सदियों तक पूरी दुनिया में गूंजती रहेगी। उनकी प्रतिभा कई लोगों से भी ज्यादा समय तक जीवित रहेगी। उन्होंने हमेशा मुझ पर अपना आशीर्वाद और प्यार बरसाया। मुझे उनकी बहुत याद आएगी. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे...आपकी याद आएगी।
आशा भोसले के निधन पर एआर रहमान ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। उ्न्होंने लिखा है, 'वे अपनी आवाज और आभा के जरिए हमेशा जीवित रहेंगी। क्या कमाल की कलाकार थीं'।
संजय दत्त ने लिखा, "आशा जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनकी आवाज सिर्फ संगीत नहीं थी, बल्कि भावना, स्मृति और जादू का संगम थी, जो हमेशा अमर रहेगी. मुझे उनके साथ गीत गाने और उनसे बहुत कुछ सीखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भारतीय संगीत जगत के लिए ये एक भारी नुकसान है. उनकी आत्मा को शांति मिले।"अक्षय कुमार ने आशा भोसले के साथ एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आशा भोसले की सुरीली आवाज़ हमेशा अमर रहेगी और भारतीय संगीत जगत उन्हें हमेशा याद रखेगा।
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लिखा, "चंचल धुनों से लेकर भावपूर्ण गजलों तक, थिरकने वाले गीतों से लेकर गहरे रोमांटिक गीतों तक। उन्होंने हर सुर को अपना बना लिया. लेकिन संगीत से परे, आशा जी को वास्तव में असाधारण बनाने वाली बात थी उनका जज़्बा।उन्होंने केवल संगीतकारों को ही नहीं, बल्कि लोगों को प्रासंगिक बने रहने के लिए, जोशीले बने रहने के लिए, जीवन के हर मायने में जीवंत रहने के लिए प्रेरित किया।"सुनील शेट्टी ने लिखा, "कुछ आवाज़ें सिर्फ़ गाती ही नहीं.वे आपके जीवन का हिस्सा बन जाती हैं. आशा ताई उन्हीं में से एक थीं. हम सब किसी न किसी रूप में उनके साथ बड़े हुए हैं - अपने घरों में, अपनी यात्राओं में, अपने शांत पलों में. आज उनके साथ एक युग का अंत होना कहना भी कम होगा।"फिल्मकार करण जौहर ने लिखा, यह कहना कि हमने आज एक लेजेंड को खो दिया, बहुत छोटा होगा। आशा जी जैसी कोई दूसरी नहीं थी। उनकी आवाज सिर्फ एक पीढ़ी ही नहीं, बल्कि पूरे सिनेमा के दौर को परिभाषित करती थी। मैं हमेशा से उनकी आवाज, उनकी कला और उनकी शख्सियत का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। आशा जी, आपका संगीत हमेशा जिंदा रहेगा और हम खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि हमें आपका जादू महसूस करने का मौका मिला।
रवीना टंडन ने कहा कि आशा जैसी कोई नहीं है। आज जिंदगी ने ऐसी चीज को दूर किया है, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती है। इंडस्ट्री का सबसे गहरा नुकसान, मेरे, और मेरे पूरे बचपन से लेकर अब तक का ऐसा लॉस जिसकी भरा नहीं जा सकता। उनकी अब तक की सबसे बड़ी फैन। कोई उनके जैसा नहीं था।
सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने कहा, 'आशा जी का निधन बहुत दुखद है। एक लीजेंड का अंत हुआ है।
मधुर भंडारकर ने कहा, 'यह बहुत दुखद है कि आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला और मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से बहुत अच्छे से जानता हूं। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान बहुत बड़ा है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।'शंकर महादेवन ने कहा, 'यह हम सभी और भारतीय संगीत के लिए बेहद दुखद दिन है। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि हमारी प्रिय आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं।एक संगीतकार, एक फैन और एक फैमिली फ्रेंड के रूप में मैं अपने दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहा हूं।
भोजपुरी सिनेमा के मेगा स्टार रवि किशन कहा, आशा भोसले जी का संगीत और सिनेमा जगत में योगदान अतुलनीय रहा है। उनके जाने से भारतीय संगीत उद्योग को अपूरणीय क्षति हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित