लखनऊ/अयोध्या , अक्टूबर 22 -- दिल्ली में 10 से 20 अक्टूबर तक आयोजित फिल्मी कलाकारों की रामलीला को विभिन्न डिजिटल एवं प्रसारण माध्यमों पर 74 करोड़ से अधिक दर्शकों ने देखा। आयोजकों के अनुसार, रामलीला का प्रसारण 57 से अधिक देशों में किया गया और इसमें दिल्ली तथा मुंबई के 211 से अधिक कलाकारों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं।
रामलीला समिति के संस्थापक सुभाष मलिक (बॉबी) ने बताया कि इस वर्ष पहली बार दिल्ली के रफी मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में रामलीला का आयोजन किया गया। आधुनिक मंच सज्जा और थ्री-डी तकनीक के माध्यम से रामकथा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया।
इस वर्ष अभिनेता एवं सांसद रवि किशन ने भगवान श्रीराम और केजिया लिज मेजो ने माता सीता की भूमिका निभाई। विंदू दारा सिंह ने भगवान शिव, अरुण बख्शी ने रावण, शहबाज खान ने मेघनाद, पुनीत इस्सर ने भगवान परशुराम और राजा मुराद ने कुंभकर्ण की भूमिका निभाई।
आयोजकों के मुताबिक, रामलीला का सीधा प्रसारण टाटा प्ले, शेमारू मी, वीआई, एयरटेल, शेमारू भक्ति के यूट्यूब चैनल, फेसबुक तथा अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया गया। अकेले शेमारू भक्ति यूट्यूब चैनल पर सात करोड़ से अधिक दर्शक पहुंचे।
आंकड़ों के अनुसार, आराधना टाटा प्ले पर 1.5 करोड़, शेमारू मी पर 3.5 करोड़, शेमारू भक्ति धाम यूट्यूब पर छह करोड़, फेसबुक पेजों पर 13 करोड़, अन्य यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर 12 करोड़, शेमारू आराधना टीवी पर 5.5 करोड़, टाटा प्ले पर आठ करोड़, एयरटेल पर पांच करोड़, डिश टीवी पर 4.5 करोड़, इंस्टाग्राम पर चार करोड़ और ट्विटर क्लिपिंग पर 2.5 करोड़ दर्शक पहुंचे।
आयोजकों ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान वर्ष 2020 में शुरू हुई डिजिटल रामलीला की दर्शक संख्या लगातार बढ़ी है। उनके अनुसार 2020 में 16 करोड़, 2021 में 20 करोड़, 2022 में 25 करोड़, 2023 में 40 करोड़, 2024 में 41 करोड़, 2025 में 62 करोड़ और इस वर्ष 74 करोड़ से अधिक दर्शकों तक रामलीला पहुंची।
आयोजकों के मुताबिक, इस वर्ष पहली बार बाल रामलीला का भी आयोजन किया गया, जिसे दर्शकों की सराहना मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित