मुंबई , अप्रैल 12 -- बॉलीवुड की दिग्गज पार्श्वगायिका आशा भोंसले के निधन पर फिल्मीं सितारों ने शोक व्यक्त किया है।

आशा भोंसले की निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड के कई सितारों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया गया है।

बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल और सांसद हेमा मालिनी ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया। उन्होंने आशा भोंसले के साथ अपनी दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। हेमा मालिनी ने इन तस्वीरों के साथ लिखा, 'आशा ताई अब हमारे बीच नहीं हैं! मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि कोई इतनी ज़िंदादिल इंसान, जिसने अपने गानों में इतनी जान और अंदाज भरा, वह हमें अकेला छोड़कर चली गई। यह मेरे लिए खासकर बहुत मुश्किल है, क्योंकि मेरा आशा जी के साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव था।उन्होंने अपनी अनोखी आवाज़ और अंदाज़ से मेरे कई गानों को बेहद लोकप्रिय बनाया। लता जी और आशा जी, दोनों के साथ मेरा बहुत ही खास रिश्ता था; फिल्म इंडस्ट्री में मेरी सफलता में उन दोनों का योगदान बहुत बड़ा रहा है। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई या जिसकी जगह कोई और कभी नहीं ले सकता!'आशा भोंसले के निधन पर दिग्गज अभिनेत्री सायरा बानो बेहद दुखी हैं।उन्होंने कहा कि वे लोग खुश किस्मत थे जिन्हें आशा ताई से जुड़ने का मौका मिला।

आशा भोसले के निधन पर एआर रहमान ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। उ्न्होंने लिखा है, 'वे अपनी आवाज और आभा के जरिए हमेशा जीवित रहेंगी। क्या कमाल की कलाकार थीं'।

अक्षय कुमार ने आशा भोंसले के साथ एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आशा भोसले की सुरीली आवाज़ हमेशा अमर रहेगी और भारतीय संगीत जगत उन्हें हमेशा याद रखेगा।

फिल्मकार करण जौहर ने लिखा, यह कहना कि हमने आज एक लेजेंड को खो दिया, बहुत छोटा होगा। आशा जी जैसी कोई दूसरी नहीं थी। उनकी आवाज सिर्फ एक पीढ़ी ही नहीं, बल्कि पूरे सिनेमा के दौर को परिभाषित करती थी। मैं हमेशा से उनकी आवाज, उनकी कला और उनकी शख्सियत का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। आशा जी, आपका संगीत हमेशा जिंदा रहेगा और हम खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि हमें आपका जादू महसूस करने का मौका मिला।

रवीना टंडन ने दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि आशा जैसी कोई नहीं है। आज जिंदगी ने ऐसी चीज को दूर किया है, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती है। इंडस्ट्री का सबसे गहरा नुकसान, मेरे, और मेरे पूरे बचपन से लेकर अब तक का ऐसा लॉस जिसकी भरा नहीं जा सकता। उनकी अब तक की सबसे बड़ी फैन। कोई उनके जैसा नहीं था। आशा जी आप म्यूजिक और साउंड की ऐसी विरासत पीछे छोड़ गई हैं, जिनकी दुनिया में कोई तुलना नहीं कर सकता। संगीत का सबसे बड़ा युग यहां अंत होता है।

सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने कहा, 'आशा जी का निधन बहुत दुखद है। एक लीजेंड का अंत हुआ है। उनकी पूरी जिंदगी और उनकी जर्नी हम सबके लिए एक मिसाल है। लता जी और आशा जी दोनों ही एक स्कूल की तरह हैं। ये कभी खत्म नहीं होंगे। इन्होंने अपने पीछे एक पूरी यूनिवर्सिटी छोड़ दी है। जो भी गाना सीखेगा, वो यही सोचेगा कि लता जी जैसा गाऊं या आशा जी जैसा गाऊं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित