बारां , मई 15 -- राजस्थान के बारां के कांच व्यवसायी का अपहरण करके फिरौती वसूलने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरफ्तार आरोपियों से 13 लाख 80 हजार रुपए नकद, एक अवैध देशी पिस्तौल, घटना में प्रयुक्त एक कार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी सैफ अली हुसैन बताया जा रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने शुक्रवार को बताया कि गत दिनों बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में ग्लास व्यवसायी सतीश गौड़ का अपहरण करके डराने-धमकाने के बाद उससे 14 लाख रुपए की फिरौती वसूली गई थी। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों में सुमित नागर, मोनू उर्फ मोइन खान, साजिद उर्फ राइडर, रेहान उर्फ ईशु, शाहरुख उर्फ जावेद, राहिल मोहम्मद और मुख्य आरोपी सैफ अली हुसैन शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित