फिरोजाबाद , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में साइबर वज्र अभियान के तहत थाना रसूलपुर, दक्षिण और लाइनपार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 10 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज करीब 37 शिकायतों में लगभग 60 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, सिम कार्ड समेत बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही कई बैंक खातों में जमा लाखों रुपये की धनराशि होल्ड कराई गई है। थाना दक्षिण पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में पुलिस ने अरबाज खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार डिजिटल अरेस्ट से संबंधित दो शिकायतों में करीब 58 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई थी। आरोपी के बैंक खाते में 18 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
पूछताछ में अरबाज ने बताया कि उसने 20 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता उजैर नामक व्यक्ति को उपलब्ध कराया था और निकाली गई पूरी रकम उसे सौंप दी थी। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, दो बैंक पासबुक, एक एटीएम कार्ड और एक सिम कार्ड बरामद किया है। मामले में उजैर की तलाश जारी है।
दूसरे मामले में थाना दक्षिण पुलिस ने संजय, हेमंत, सूरज और हामिद को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, पेपर ट्रेडिंग और एपीके लिंक के माध्यम से साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में प्राप्त करते थे। इनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 22 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खातों में करीब 10 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और सात बैंक पासबुक बरामद की गई हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
उधर, थाना लाइनपार पुलिस ने सूरज और पारस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी टेलीग्राम और फेसबुक के माध्यम से महिलाओं को ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर ठगी करते थे। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में तीन शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब छह लाख रुपये की साइबर ठगी की गई है। जांच में पता चला है कि उनके विभिन्न बैंक खातों में करीब तीन लाख रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन, तीन बैंक पासबुक और दो आधार कार्ड बरामद किए हैं। इस गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित