फिरोजाबाद , अप्रैल 14 -- फिरोजाबाद नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के आक्रोश और प्रदर्शन के बीच जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मंगलवार को समस्या के समाधान के लिए बैठक की। बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक अजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, पार्षदगण तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं विस्तार से रखीं। इस दौरान मीटर रीडिंग, बिलिंग में गड़बड़ी तथा उपभोक्ताओं को हो रही असुविधाओं पर गंभीर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने पर भी सहमति बनी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में नगर के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, भाजपा के क्षेत्रीय नेता, पार्षद तथा उपभोक्ता भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित