फिरोजाबाद , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में स्मार्ट मीटर के विरोध में जारी प्रदर्शनों के बीच शनिवार को भी महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित हो गया और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नगर के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित कोटला चुंगी चौराहे पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्रित होकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ नारेबाजी की और जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अत्यधिक वृद्धि हो गई है और बार-बार बिजली कटौती की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे घरेलू व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
महिलाओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है और समय रहते समाधान नहीं किया गया तो विरोध और तेज होगा। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी और स्थानीय लोगों ने काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
उल्लेखनीय है कि जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, जिससे जहां उपभोक्ता असंतोष जताते नजर आ रहे हैं, वहीं विभागीय अधिकारियों और प्रशासन के सामने भी स्थिति संभालना चुनौती बनता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित