फिरोजाबाद , अक्टूबर 14 -- फिरोजाबाद जिले की थाना टूंडला पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बुधवार सुबह एक ट्रक को जब्त किया जिसमें अवैध रूप से तस्करी के लिए उड़ीसा से हरियाणा ले जाया जाने वाला साढे छह कुंतल गांजा बरामद किया गया जिसकी कीमत करीब साढे तीन करोड रुपया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी टूंडला क्षेत्र अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसायनी के समीप एक ट्रक को जब्त कर उसकी तलाशी ली गई। जिसमें अवैध रूप से ले जाया जा रहा 651 किलो गांजा बरामद किया गया। ट्रक के पीछे कार चल रही थी उसमें भी दो लोग थे जिनके कब्जे से चार मोबाइल और एटीएम , बैंक कार्ड आधार कार्ड आदि कागजात और कुछ नगदी भी बरामद की गई।

गिरफ्तार लोग अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त है जो उड़ीसा से माल लाकर अन्य क्षेत्रों में ऊंचे दामो पर बेचते थे। पकड़े गए तस्कर संतोष कुमार तथा कृष्ण कुमार वृंदावन मथुरा निवासी हैं जबकि ट्रक चालक एजाज थाना मंडी राजौरी जम्मू कश्मीर का निवासी है। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित