फिरोजाबाद , मार्च 16 -- फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र में सोमवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार सिरसागंज क्षेत्र के सराय शेख गांव निवासी तीन युवक एक मोटरसाइकिल से शिकोहाबाद की ओर जा रहे थे। जब उनकी बाइक एनएच‑19 पर नौशेरा कट के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

इस हादसे में अरहान (18) पुत्र मोहम्मद अकील कुरैशी और अनस (19) पुत्र शफीक कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उजैफ (28) पुत्र अकरम कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घायल युवक को पहले संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही सराय शेख गांव में कोहराम मच गया। ईद से पहले एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित