फिरोजाबाद , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र में होली के दौरान घर में घुसकर मारपीट में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जसराना थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर कुतुकपुर में चार मार्च को होली के दौरान गांव के ही सत्येंद्र सिंह, राजबहादुर तथा उनके परिजनों ने हेत सिंह के घर में घुसकर उसकी पत्नी और पुत्रों के साथ मारपीट की थी। इस घटना में हेत सिंह की पत्नी मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मीना देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने राजबहादुर, उसके पुत्र लोकेंद्र, शिव शंकर, अंकित कुमार तथा सत्येंद्र सिंह और उसके भाई अजीत कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार सात मार्च को आगरा में उपचार के दौरान मीना देवी की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने रविवार देर शाम मुख्य आरोपी राजबहादुर और सत्येंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद सोमवार को जेल भेज दिया। मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित