फिरोजाबाद , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बाइक के खाई में गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पिता घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जसराना थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी सुनील कुमार (44) अपने पुत्र दीपक (22) के साथ बाइक से टूंडला स्थित कैंसर अस्पताल दवा लेने गए थे। दवा लेने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे कि मक्खनपुर थाना क्षेत्र के नए बाईपास पर साती के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील कुमार का उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और घायल सुनील कुमार को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित