फिरोजाबाद , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंधी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस के आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना नगला सिंधी क्षेत्र के गांव गढ़ी भाऊ के समीप एक खेत में लोगों ने पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार (30) निवासी गढ़ी भाऊ के रूप में हुई।
परिजनों ने मृतक की पत्नी के कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नगला सिंधी और क्षेत्राधिकारी टूंडला मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने और कार्रवाई का भरोसा देने के बाद परिजन शांत हुए।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पत्नी कुछ दिन पूर्व अपने कथित प्रेमी के साथ चली गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी के प्रेमी ने ही हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित