फिरोजाबाद , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पेड़ से मजदूर का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने मृतक की बेटी के ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार रसूलपुर थाना क्षेत्र के राठौर नगर निवासी महावीर सिंह (40) चूड़ी जुड़ाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह बुधवार सुबह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। गुरुवार सुबह बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव के पास एक खेत में पेड़ से उनका शव लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर ग्राम प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी उमा देवी, बहन गिरिजा देवी तथा अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्र छोड़ गए हैं। मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि सात माह पहले महावीर सिंह ने अपनी पुत्री लक्ष्मी का विवाह आगरा जिले के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के मीठपुर गांव निवासी दीपक के साथ किया था। उनका आरोप है कि विवाह के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष लक्ष्मी का उत्पीड़न करता था। 24 जुलाई को लक्ष्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। परिजनों के अनुसार वह पांच माह की गर्भवती थी। इस मामले में बाद में रिश्तेदारों के माध्यम से समझौता कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को लक्ष्मी के पति और ससुर ने महावीर सिंह को समझौते के तहत दी जाने वाली धनराशि लेने के लिए बुलाया था। उनका आरोप है कि वहीं उनकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित