फिरोजाबाद , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नसीरपुर पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद ऑटो लूट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक दरोगा भी घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि रविवार तड़के ऑटो चालक राजेश कुमार ने सूचना दी थी कि शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से दो युवकों ने सवारी के रूप में ऑटो तय किया और रपड़ी क्षेत्र में ले जाकर जंगल के पास उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे 1200 रुपये, मोबाइल फोन और ऑटो लूट लिया।

मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि लूटा गया ऑटो रपड़ी के जंगल में छिपाकर रखा गया है और बदमाश उसे रात में निकालने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की।

सोमवार सुबह तड़के शहजादपुर मार्ग पर एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली दरोगा जितेंद्र राजोरिया की कनपटी के पास लगी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश सोनवीर उर्फ सोनू के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथी प्रशांत उर्फ भोले को भी दबोच लिया गया। दोनों आरोपी गांव खितौली, थाना नसीरपुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटा गया ऑटो, एक हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खाली खोखा बरामद किया है। घायल सोनवीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित