फिरोजाबाद , मई 4 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नगला भोपाल निवासी आदित्य की पत्नी प्रिया (22) की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ससुराल पक्ष के सभी लोग घर से फरार हो चुके थे।

बताया गया है कि मृतका की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मायका पक्ष को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, मायके पक्ष के परिजनों के आने के बाद उनकी तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित