फिरोजाबाद , सितंबर 1 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में नगर निगम के ठेका सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही।

बाद में विधायक मनीष असीजा के हस्तक्षेप और नगर आयुक्त के वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

नगर निगम के ठेका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह सफाई कार्य ठप कर नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू किया। कर्मचारियों का कहना था कि आगरा में सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम करीब 15 हजार रुपये वेतन मिल रहा है, जबकि फिरोजाबाद में उन्हें करीब 10 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं।

हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में नगर आयुक्त को ज्ञापन भी दिया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर कर्मचारियों को काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करनी पड़ी।

धरने की जानकारी मिलने पर विधायक मनीष असीजा मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें समझाया। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद नगर आयुक्त ने भी कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि वेतन वृद्धि सहित उनकी अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद ठेका सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी और काम पर लौटने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित