फिरोजाबाद , अक्टूबर 24 -- फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सिक्सलेन बाईपास पर खाटू श्याम मंदिर के निकट तेज रफ्तार मैक्स ने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चाचा-भतीजे की नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि उनका बड़ा भाई घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव एदलपुर निवासी रवि (35) पुत्र रामसेवक शुक्रवार रात अपने भतीजे कर्मवीर उर्फ दीपू (28) और धर्मवीर पुत्र राजेंद्र प्रकाश के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में धान लेकर हाथरस मंडी जा रहे थे। धर्मवीर ट्रैक्टर चला रहा था, जबकि रवि और कर्मवीर उसके साथ बैठे थे। तीनों मक्खनपुर से सिक्सलेन बाईपास पर पहुंचे थे। तभी खाटू श्याम मंदिर के पास पीछे से आई तेज रफ्तार मैक्स ने ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। उसके नीचे दबने से रवि और कर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मवीर घायल हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित