फिरोजाबाद , अप्रैल 02 -- फिरोजाबाद जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग घटनाओं में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पहली घटना माल गोदाम के समीप हुई, जहां रेलवे लाइन पार करते समय करीब 40 वर्षीय अज्ञात महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दूसरी घटना थाना रसूलपुर क्षेत्र के कनैटा रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। यहां करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाते हुए पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित