फिरोजाबाद , अप्रैल 29 -- फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र स्थित हाईवे टोल प्लाजा पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता और टोल कर्मियों की मनमानी के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा अन्य संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रशासन की सूझबूझ से टोल प्लाजा पर संभावित टकराव टल गया और प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व वह अपने परिवार के साथ आगरा से फिरोजाबाद लौट रहे थे। टूंडला टोल प्लाजा पर अधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने टोल कर्मियों से कार्य में तेजी लाने की बात कही, जिस पर टोल कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस घटना में उन्हें चोटें भी आईं। मामले में थाना टूंडला में टोल कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

घटना के बाद टोल कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने बुधवार को टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जब टूंडला की ओर रवाना हो रहे थे, तभी पुलिस अधिकारियों ने उन्हें फिरोजाबाद से बाहर नहीं जाने दिया और सभी को एसपी सिटी कार्यालय ले जाया गया। वहां एसपी सिटी और एसडीएम ने उनका ज्ञापन प्राप्त किया। बाद में अधिकारियों ने टोल मैनेजर की मौजूदगी में संगठन के नेताओं के साथ वार्ता कराई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विश्व हिंदू परिषद ब्रज प्रांत के संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी, जिला अध्यक्ष दीपक सोलंकी, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारी आए दिन उपभोक्ताओं के साथ मारपीट और बदसलूकी करते हैं, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

संगठनों ने यह भी मांग उठाई कि जिले की सीमा में हाईवे पर दो टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जो नियम विरुद्ध हैं। उनका कहना था कि एक जिले में केवल एक ही टोल होना चाहिए तथा यूपी-83 नंबर की स्थानीय गाड़ियों को टोल शुल्क से मुक्त किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित