फिरोजाबाद , मई 18 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में सोमवार को खेतों में भरे पानी को पीने से 16 बकरियों की मौत हो गयी। प्रारंभिक तौर पर खेतों का पानी जहरीला होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस एवं ग्रामीण सूत्रों के अनुसार जसराना तहसील क्षेत्र के पाढ़म स्थित नगला हंसराज गांव निवासी कायम सिंह बकरी पालन का कार्य करते हैं। उनके पास करीब 80 बकरियां हैं। सोमवार को वह रोज की तरह बकरियों को चराने के लिए गांव के बाहर खेतों की ओर गए थे। चराई के दौरान बकरियों ने खेतों में भरे पानी को पी लिया, जिसके कुछ देर बाद कई बकरियों की हालत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 16 बकरियों की मौत हो गई, जबकि अन्य कई बकरियां भी बीमार पड़ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पशुपालक ने तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर बीमार बकरियों का उपचार शुरू कराया। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में रासायनिक कीटनाशक के उपयोग के कारण पानी दूषित हो गया होगा, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने पशुपालक को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई या सहायता की घोषणा नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित