फिरोजाबाद , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र में गैस के खुले चैंबर में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार सुबह ढोलपुरा क्षेत्र में लोगों ने एक खुले गैस चैंबर में युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान छोटेलाल (45) पुत्र राम भरोसे लाल निवासी ढोलपुरा के रूप में हुई।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार छोटेलाल सोमवार रात घर नहीं पहुंचे थे। परिवार के लोगों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह उनका शव गैस चैंबर में मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित गैस चैंबर काफी समय से खुला पड़ा था और इसकी शिकायत गेल गैस इंडिया तथा नगर निगम के अधिकारियों से कई बार की जा चुकी थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों के हंगामे की सूचना पर स्थानीय विधायक मनीष असीजा, एसडीएम सत्येंद्र सिंह और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक मनीष असीजा ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। वहीं एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित