फिरोजाबाद , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के जसराना में गैस की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। पिछले तीन दिनों से गैस एजेंसी बंद होने और सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश था। शुक्रवार सुबह जब लोग गैस लेने एजेंसी पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला, जिससे गुस्साए लोगों ने सब्जी मंडी के पास सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग वाहनों के आगे लेट गए, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी मिलने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है तथा एजेंसी संचालक कालाबाजारी कर रहा है। सूचना पर जसराना थाना पुलिस, एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला और नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों को अपनी समस्या बताते हुए गैस आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की।
एसडीएम ने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर एजेंसी संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में एजेंसी संचालक के प्रति लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित