फिरोजाबाद , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक विवाहिता ने चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के गांव शंकरपुर निवासी रोशनी (25) पत्नी शिवकुमार का शव शुक्रवार को घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। रोशनी का मायका थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव झोरिया में है। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी।
पुलिस के अनुसार, शिवकुमार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा तो रोशनी का शव जाली में चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष कृष्ण स्वरुप पाल ने बताया प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित