फिरोजाबाद , मार्च 28 -- फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में गर्भवती पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि नगला सिंघी क्षेत्र के ग्राम रामपुर में शुक्रवार को गोविंद कुमार नामक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी सीमा (26) की घर में अकेले होने पर तलवार से पेट फाड़कर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस ने शनिवार को आरोपी गोविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया। मृतका के तीन बेटियां हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित