फिरोजाबाद , जनवरी 23 -- फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज क्षेत्र के तहत शुक्रवार को फर्रुखाबाद स्थित गंगा नदी में विसर्जन को जा रहे परिवार के लोगों की कार असंतुलित होकर पलट गयी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई तथा पांच लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले के मक्खनपुर क्षेत्र के गांव तुरकियापुर निवासी मुन्नालाल की पत्नी निर्मला देवी की मौत हो गई थी। परिवार के कुछ लोग एकत्रित होकर शुक्रवार को सुबह फर्रुखाबाद ईको कार से जा रहे थे कि रास्ते में सिरसागंज क्षेत्र के तहतभारौल के पास कार असंतुलित होकर पलट गई। कार में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एंबुलेंस में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टर ने आशा देवी (50) को मृत घोषित कर दिया जबकि धनराज, हेमलता, उषा ,विमलेश और छत्रपति को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित