फिरोजाबाद , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सिरसागंज थाना क्षेत्र में बीती देर रात बटेश्वर मार्ग पर बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें सिरसागंज सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अवधेश शर्मा (45) और नीलम सिंह (45) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह नारखी थाना क्षेत्र में बाइक सवार विकास कुमार (45) निवासी शिकोहाबाद को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। विकास क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था और ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
एक अन्य घटना नगला खंगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां गांव मड़ई निवासी सोनी (32) पत्नी अविनाश सिंह अपने भतीजे नीरज के साथ बाजार से लौट रही थी। रास्ते में अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सोनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीरज का उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित