फिरोजाबाद , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र में शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के आसान चौराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने सचिन (20) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल अभिषेक का उपचार जारी है।
दोनों युवक शिखावतपुर गांव के निवासी बताए गए हैं और बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित