फिरोजाबाद , अक्टूबर 18 -- फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के चनौरा स्थित शांति चौक पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में आगरा रेफर किए गए साइकिल सवार की रास्ते में मौत हो गई। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया।
गांव शेखूपुर थाना रामगढ़ निवासी आकाश (26) शनिवार रात बाइक से सांती की तरफ से आ रहा था। वह चनौरा स्थित शांति चौक पर पहुंचा ही था कि इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। उसी समय झलकारी नगर थाना उत्तर निवासी प्रेमपाल (65) भी जिला कारागार के पास स्थित गोयल ग्लास फैक्टरी से काम करके साइकिल से घर लौट रहे थे। वाहन की चपेट में आने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर ले गई। यहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेमपाल का उपचार शुरू कर दिया। रविवार सुबह हालत गंभीर होने पर प्रेमपाल को आगरा रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
आकाश वेल्डिंग का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था। वह दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके परिवार में पत्नी राधा, दो बेटे और एक बेटी हैं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, प्रेमपाल गोयल ग्लास फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। वह चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर के थे। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला, एक बेटा और दो बेटियां हैं। हादसे में दोनों की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक और साइकिल सवार की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित