फिरोजाबाद , अप्रैल 13 -- फिराेजाबाद जिले के थाना लाइनपार पुलिस ने अवैध खनन में संलिप्त 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना लाइनपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहनलाल निवासी बरेलाल का डेरा को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी मोहनलाल अवैध खनन के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी ने तीन अप्रैल को पुलिस बैरियर तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया था। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई थी और गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया था।

सोमवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ अवैध खनन के लिए खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने फिर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर जब्त कर ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित