जैतो, मई 4 -- उत्तर रेलवे के फिरोजपुर रेल मंडल ने अप्रैल 2026 के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए 51,839 यात्रियों से करीब 3.75 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला है।

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में मंडल प्रशासन ने बताया कि ट्रेनों में अनाधिकृत यात्रा पर रोक लगाने के लिए टिकट चेकिंग दल लगातार जांच अभियान चला रहे हैं। मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ और मुख्य टिकट निरीक्षकों ने अप्रैल माह में विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल 2026 में टिकट चेकिंग से प्राप्त राजस्व पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक रहा है, जो अभियान की सफलता को दर्शाता है।

इसके अलावा रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ बनाए रखने और यात्रियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए भी नियमित जांच की गई। इस दौरान स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने पर 388 यात्रियों के खिलाफ एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनसे 58 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य रेलवे टिकटों की बिक्री बढ़ाना और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर जुर्माना लगाकर उन्हें भविष्य में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित