फिरोजपुर , जून 17 -- नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पंजाब में फिरोजपुर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हेरोइन, प्रतिबंधित दवाइयां, कारतूस और नकदी बरामद कीं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि दोनों अभियानों के दौरान कुल 5.775 किलोग्राम हेरोइन, 1,33,640 प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट, 39 कारतूस (केएफ 7.65 बोर) तथा 36,600 रुपये नकद बरामद किये गये। इस संबंध में थाना अरिफ के और थाना ममदोट में एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गयी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने, वित्तीय लेन-देन की कड़ियों का पता लगाने तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और राज्य में सक्रिय ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित