नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- 'ए आई इम्पैक्ट समिट' में हिस्सा लेने आये फ़िनलैंड के प्रधानमंत्री पेट्टेरी ओर्पो ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
श्री ओर्पो ने श्री मोदी के साथ आधे घंटे से भी अधिक समय तक मुलाकात के दौरान विभिन्न क्षेत्रों विशेष रूप से आर्थिक क्षेत्र में सहयोग बढाने पर बात की।
भारत और स्पेन ने व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है जिससे आर्थिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। दोनों नेताओं ने 6जी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, जैव ईंधन से जुड़ी भविष्य की प्रौद्योगिकियों और चक्रीय अर्थव्यवस्था के बारे में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
बाद में श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ," फ़िनलैंड के प्रधानमंत्री पेट्टेरी ओर्पो के साथ विस्तृत चर्चा हुई। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के लिए उनके व्यक्तिगत समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया, जो भारत-यूरोप संबंधों में स्वर्णिम युग की शुरुआत करता है। भारत और फ़िनलैंड व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखते हैं, जिससे आर्थिक संबंधों को सशक्त बढ़ावा मिलेगा। हमने 6जी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, जैव ईंधन जैसी भविष्य की प्रौद्योगिकियों तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।"भारत और फिनलैंड के बीच पारंपरिक रूप से बहुत सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं जो 1949 में शुरू हुए थे। दोनों देश अब डिजिटल साझेदारी, 5 जी , 6 जी , एआई , शिक्षा और हरित प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग के माध्यम से साझेदारी को 'नवाचार-आधारित' बना रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित