नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कलपक्कम में स्वदेशी फास्ट ब्रीडर रिएक्टर के क्रिटिकलिटी हासिल करने पर देश के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा है कि यह उपलब्धि परमाणु ऊर्जा में आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण है।

श्री मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडिया कार्यक्रम 'मन की बात' में कहा कि इस उपलब्धि ने देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु के कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने क्रिटकलिटी हासिल कर ली है। इस चरण का मतलब है रिएक्टर का परिचालन के चरण में पहुंचना। देश की परमाणु ऊर्जा यात्रा में यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।" गौरतलब है कि क्रिटिकलिटी वह चरण होता है जब बिना किसी बाहरी उत्प्रेरण के परमाणु रिएक्टर में चेन रिएक्शन जारी रह सकता है।

उन्होंने कहा कि यह भी बड़ी बात है कि यह परमाणु रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित है और बताया कि यह एक ऐसा सिस्टम है, जो ऊर्जा के उत्पादन के साथ-साथ भविष्य के लिए नया ईंधन भी खुद ही तैयार करता है। इसीलिए इसे ब्रीडर रिएक्टर कहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित