पटना , जनवरी 12 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान राज्य के किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। श्री सिन्हा ने बयान जारी कर बताया कि एक ही दिन में 2.87 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन और अब तक 16 लाख से ज्यादा किसानों का पंजीकरण इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से किसानों को डिजिटल पहचान मिल रही है, जिससे पीएम किसान सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध रूप से सीधे किसानों तक पहुंचेगा।
श्री सिन्हा ने बताया कि वसुधा केंद्र और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पंजीकरण की सुविधा लगातार उपलब्ध है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और किसानों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं, जिससे कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
राज्य में एग्री स्टैक योजना के तहत चल रहे फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान ने तेज़ गति पकड़ ली है। 11 जनवरी 2026 की शाम 6:40 बजे तक जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार राज्य में अब तक 16 लाख 12 हजार से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। वहीं पीएम किसान योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसानों की संख्या 10 लाख 48 हजार से अधिक हो गई है। ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि अभियान राज्य स्तर पर लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार राज्य का कुल पीएम किसान लक्ष्य 75.01 लाख किसानों का है। इसके मुकाबले अभी 64.53 लाख किसानों का सत्यापन एवं कवरेज शेष है। इसे ध्यान में रखते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा कृषि विभाग के सहयोग से सभी जिला प्रशासन द्वारा अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित