धार , जून 29 -- मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने फार्मर रजिस्ट्री निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर सोमवार को धार कलेक्टर के नाम तहसीलदार विजय तलवारे को ज्ञापन सौंपा।

संघ के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में कहा कि पटवारी संवर्ग ने गंभीरता से कार्य करते हुए जिले में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 50 प्रतिशत से अधिक तक पहुंचा दी थी, लेकिन एग्रीस्टैक पोर्टल पर यह प्रगति अचानक घटकर लगभग 20 प्रतिशत प्रदर्शित होने लगी है। कई ग्रामों में पहले 60 से 70 प्रतिशत तक दर्ज प्रगति अब 25 से 30 प्रतिशत दिखाई जा रही है।

संघ के अनुसार अधिकांश वास्तविक कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है और कार्य लगभग संतृप्ति की स्थिति में है। वर्तमान में लंबित दिखाई देने वाले अधिकांश मामलों में सह-खातेदार ग्राम से बाहर रहते हैं अथवा तकनीकी कारणों से उनकी प्रविष्टियां लंबित प्रदर्शित हो रही हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि एग्रीस्टैक पोर्टल की प्रगति रिपोर्ट में कई विसंगतियां हैं। जिन कृषकों का निधन हो चुका है और राजस्व अभिलेखों में नामांतरण भी हो चुका है, उनके नाम भी लंबित सूची में प्रदर्शित हो रहे हैं। इसी प्रकार संयुक्त खातों में पहले से फार्मर आईडी बन चुके खातेदारों के नाम भी दोबारा लंबित सूची में दिखाई दे रहे हैं।

पटवारी संघ ने संबंधित अधिकारियों को समीक्षा बैठकों के दौरान सम्मानजनक एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश देने की भी मांग की, ताकि शासकीय कार्य बेहतर वातावरण में संपादित हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित