पटना , अप्रैल 30 -- फार्मर रजिस्ट्री अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वैशाली जिला राज्य में अव्वल रहा, जिसके लिए जिलाधिकारी वर्षा सिंह को सम्मानित किया गया है।

राजधानी पटना में आज जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों एवं अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों की एक दिवसीय उच्चस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया।इस कार्यशाला में राज्य में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं डेढ़ लाख रुपये का चेक बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने प्रदान किया ।

यह सम्मान वैशाली जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के कुशल नेतृत्व, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं टीम भावना के साथ किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक किसानों का सफलतापूर्वक डिजिटल पंजीकरण कर राज्य में उत्कृष्ट स्थान हासिल किया। गांव-गांव में विशेष अभियान चलाकर, शिविर आयोजित कर तथा जन-जागरूकता के माध्यम से किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने इस सम्मान के लिए जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं वैशाली के किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित