आगरमालवा , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय पर खसरा नंबर 1568 स्थित श्मशान भूमि पर प्रस्तावित फायर स्टेशन के निर्माण को लेकर हिंदू समाज और स्थानीय नागरिकों का विरोध मंगलवार को आंदोलन में बदल गया। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोके जाने के बाद हिंदू समाज ने नगर पालिका परिषद के सामने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया है।
हिंदू समाज के लोगों के अनुसार श्मशान भूमि पर फायर स्टेशन बनाए जाने का वे लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रभारी मंत्री से चर्चा करने के साथ ही कई बार लिखित आवेदन और ज्ञापन भी सौंपे गए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि हर स्तर पर उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन इसके बावजूद फायर स्टेशन का निर्माण कार्य नहीं रोका गया।
आंदोलनकारियों के अनुसार खसरा नंबर 1568 स्थित यह भूमि पिछले कई वर्षों से आगरमालवा नगर और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए अंतिम संस्कार का प्रमुख स्थल रही है। यहां मृत नवजात शिशुओं और गोवंश को दफनाने का कार्य भी किया जाता है। ऐसे में इसी भूमि पर फायर स्टेशन का निर्माण होने से भविष्य में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है तथा धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं भी आहत हो सकती हैं।
इन्हीं मांगों को लेकर सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराने के लिए नगर पालिका परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण, अहिंसक और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। धरना प्रदर्शन की अनुमति के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन भी दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित