ग्रेटर नोएडा , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित ट्रेडेक्स टावर-1 और ओम टावर में संचालित 13 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पांच संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

गुरुवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्री लक्ष्मी वीएस ने कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि, संयुक्त टीम द्वारा 13 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया ,जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरण नहीं मिले उन्हें त्वरित कार्रवाई कर सील किया। कई संस्थानों को कार्य पूरा करने के लिए दो से तीन दिन का समय दिया गया।

सभी कोचिंग संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य रूप से लगवाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सील किया जाएगा।

सील किए गए संस्थानों में ट्यूटोरिक्स ट्यूशन सेंटर, एनविक इंफोटेक, इनकैप सेंटर, मैरिट एजुकेशन और पैंडुलम एडू क्लासेज शामिल हैं। इन संस्थानों को पहले किए गए निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी मानकों का पालन करने और आवश्यक उपकरण लगाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी नियमों का पालन नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित