भिण्ड , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के खरिका गांव में फायरिंग की घटना में घायल बुजुर्ग इंदर सिंह की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर 2026 को फरियादी दीप सिंह राजावत निवासी ग्राम खरिका की रिपोर्ट पर ऊमरी थाने में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान घायल इंदर सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा बढ़ाई।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा एसडीओपी मुख्यालय भिण्ड सतीश सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए ऊमरी पुलिस ने फरार चल रहे मोहित और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित