मुरैना , मई 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 20 मई की रात करीब तीन बजे राकेश सिंह सिकरवार के घर पर हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी। घटना के समय राकेश सिंह सिकरवार अपने घर में सो रहे थे। फायरिंग से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अंबाह बायपास स्थित एक होटल से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन 315 बोर के देशी कट्टे, एक 12 बोर का कट्टा, एक 315 बोर की अधिया तथा करीब 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पांच भिण्ड जिले और एक मुरैना जिले का निवासी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित