ग्वालियर , फरवरी 25 -- मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मारपीट और हवाई फायरिंग की सूचना पर पहुंची सिरोल थाना पुलिस को अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा मिला है। पुलिस ने हुरावली स्थित एक मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में हथियार जब्त किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती विदिता डागर ने बताया कि मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात सूचना मिली थी कि मॉडल टाउन सिरोल क्षेत्र में बंटी यादव तथा उसके बेटे अंशुल और दामो उर्फ अनिकेत द्वारा मारपीट एवं हवाई फायरिंग की गई है। साथ ही बंटी यादव के पुश्तैनी मकान में अवैध हथियार रखे होने की जानकारी भी मिली थी।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गोविंद वल्लभ बगोली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने 3 रायफल 315 बोर, 2 पिस्टल 32 बोर, 1 कट्टा 315 बोर, 52 जिंदा राउंड 315 बोर, 17 जिंदा राउंड 32 बोर, 6 जिंदा राउंड 306 बोर, 22 अन्य जिंदा राउंड तथा 9 मैगजीन बरामद कीं।
मौके पर मिले मनीष यादव (40) और सपना यादव (35) को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने बताया कि हथियार बंटी यादव तथा उसके पुत्र अंशुल और दामो उर्फ अनिकेत द्वारा रखे गए थे और उनके कोई लाइसेंस नहीं हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों बंटी, अंशुल और दामो की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित