हरिद्वार/रुड़की , मई 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में भरे बाजार में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार रविवार को ग्राम बिझौली, कोतवाली मंगलौर निवासी गुलशेर पुत्र जमील ने कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर बताया कि चार व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक सुभाष जखमोला को सौंपी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से आज कलियर रोड स्थित नहर पटरी गुमटी के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ (22) निवासी बरला, मुजफ्फरनगर (हाल निवासी तेलीवाला, रुड़की) तथा साकिब (20) निवासी तेलीवाला पाडली गुर्जर, रुड़की शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित