फिरोजपुर , मार्च 21 -- पंजाब में फिरोजपुर काउंटर इंटेलिजेंस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ साझा अभियान में फाजिल्का के थाना सदर के अंतर्गत आने वाले गांव महतम नगर (बीओपी जीजी-2) के पास सीमा पार से तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान स्थित तस्करों ने जीरो-लाइन पार की और सीमा बाड़ (फेंस) के करीब आकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए नशीले पदार्थों को भारतीय क्षेत्र में धकेलने की कोशिश की।

श्री यादव ने कहा कि काउंटर इंटेलिजेंस से मिले सटीक इनपुट पर कार्रवाई करते हुए, सतर्क बीएसएफ जवानों ने घुसपैठ को रोकने के लिए कई राउंड फायरिंग की, जिसके बाद चले संयुक्त तलाशी अभियान में यह खेप बरामद हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस इस तस्करी नेटवर्क के पीछे के संपर्कों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य दोषियों की पहचान करने के लिए गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पर कड़ी निगरानी रखने और सीमा पार तस्करी और नार्को-अपराध के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित