बैतूल , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड की बगडोना ब्रांच में अवैध वसूली और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। ब्रांच मैनेजर बसंतलाल धोटे ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत आवेदन सौंपा है।

शिकायत में बसंतलाल धोटे ने आरोप लगाया है कि डिवीजनल मैनेजर प्रदीप साहू और एरिया मैनेजर परमानंद मेवाडा द्वारा उन पर जबरन ऐसी ईएमआई पोस्टिंग करने का दबाव बनाया गया, जिनकी वास्तविक वसूली फील्ड से हुई ही नहीं थी। बाद में उसी राशि को उनकी निजी जेब से जमा करवाया गया। अधिकारियों द्वारा यह कहकर दबाव बनाया जाता था कि "फील्ड से पैसा आने पर एडजस्ट कर देंगे", लेकिन जब राशि नहीं आई तो ब्रांच कैश या निजी पैसे जमा करने को मजबूर किया गया।

आवेदन के अनुसार इस दबाव में आकर बसंतलाल धोटे ने अब तक करीब 3 लाख 50 हजार रुपये अपनी जेब से जमा किए। इससे पहले भी वे 70 से 76 हजार रुपये जमा कर चुके थे। इसके बावजूद 22 अक्टूबर को ब्रांच में 2,74,555 रुपये की कमी बताकर मानसिक और आर्थिक दबाव बनाते हुए 1,63,500 रुपये और जमा करवाए गए।

बसंतलाल धोटे ने आरोप लगाया कि बीते तीन दिनों से संबंधित अधिकारी लगातार ब्रांच में आकर रात 11 बजे तक उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और शेष राशि जमा करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही नौकरी से निकालने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां भी दी जा रही हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी तक दी गई।

आवेदक का कहना है कि उन्होंने कभी भी कंपनी की राशि का गलत उपयोग नहीं किया है और जिस रकम की कमी बताई जा रही है, वह राशि आज भी फील्ड से वापस नहीं आई है। उन्होंने पूरे मामले से जुड़े साक्ष्य होने का दावा करते हुए आशंका जताई है कि भविष्य में उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा सकता है।

बसंतलाल धोटे ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर रिजनल मैनेजर अजय शर्मा, सीनियर डिवीजन मैनेजर प्रदीप साहू और एरिया मैनेजर परमानंद मेवाडा के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित