चंडीगढ़ , जून 18 -- हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भिवानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी में कार्यरत पटवारी हर्ष के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पटवारी ने वर्ष 2022 और वर्ष 2025 की फसल मुआवजा राशि स्वीकृत करवाने के नाम पर उससे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वर्ष 2022 की लगभग 35 हजार रुपये की मुआवजा राशि उसके पिता के खाते में पहले ही जमा हो चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी पटवारी कथित तौर पर वर्ष 2023 में जारी मुआवजा और वर्ष 2025 की मुआवजा राशि मंजूर कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। जांच के दौरान रिश्वत की राशि भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गयी।
इस संबंध में थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ब्यूरो द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित