प्रयागराज , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में गुरुवार को फसल बर्बाद होने से नाराज एक युवक बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और मुआवजा नहीं मिलने पर जान देने की धमकी देने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।
मामला मांडा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव का है। गांव निवासी सुशील कुमार यादव गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गांव के समीप स्थित 1.32 लाख केवीए के बिजली टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर दरोगा अक्षय सिंह, नायब तहसीलदार और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
युवक का कहना है कि बारिश और जलभराव के कारण उसकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है। उसने फसल के नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर सांसद, विधायक, जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसी से नाराज होकर युवक अपनी मांगों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए बिजली के टावर पर चढ़ गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित