छिंदवाड़ा , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम चिखली चंदेरी में फसल को नुकसान पहुंचा रहे जंगली हाथी को भगाने की कोशिश कर रहा किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। हाथी ने किसान को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। घायल किसान का अमरवाड़ा सिविल अस्पताल में उपचार जारी है।

घायल किसान की पहचान सुरेश पिता सुखदास (48) निवासी चिखली चंदेरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

बताया गया है कि पिछले दो दिनों से एक जंगली हाथी सिवनी और चौरई क्षेत्र के जंगलों एवं खेतों में विचरण कर रहा था। इसी दौरान वह अमरवाड़ा क्षेत्र में पहुंच गया और चिखली चंदेरी में एक खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाने लगा। फसल खराब होती देखकर सुरेश हाथी को भगाने पहुंचा, लेकिन उसके करीब जाते ही हाथी आक्रामक हो गया और उसने किसान को सूंड से उठाकर पटक दिया।

वन विभाग के अनुसार हाथी अपने झुंड से बिछड़ा हुआ है। बताया गया है कि वह शहडोल क्षेत्र से कान्हा के जंगलों की ओर गया था और रास्ता भटकने के बाद सिवनी तथा चौरई के जंगलों से होते हुए छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा वन क्षेत्र में पहुंचा।

हाथी के जंगल से निकलकर खेतों और आबादी के आसपास पहुंचने से वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। हाथी की निगरानी और ट्रैकिंग के लिए वन विभाग ने तीन टीमें गठित की हैं, जो जंगल और आसपास के खेतों में लगातार गश्त कर रही हैं। हाथी के संभावित मूवमेंट को देखते हुए छिंदी और परासिया रेंज में भी अलर्ट किया गया है।

गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। पूर्व वनमंडल के डीएफओ स्वरूप दीक्षित ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे भगाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि हाथी को घेरना या उकसाना बेहद खतरनाक हो सकता है तथा नशे की हालत में उसके पास जाना जानलेवा साबित हो सकता है। फिलहाल हाथी जंगल क्षेत्र में है और वन विभाग उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक कर रहा है। ग्रामीणों को खेत और जंगल की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित