पटना , जुलाई 08 -- बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फसल क्षति के मामलों में मुआवजे के लिए सही आकलन रिपोर्ट तैयार की जाए। मंत्री श्री कुमार बुधवार को राजगीर प्रखंड के बिरजू बीघा गांव में अग्निकांड से प्रभावित किसानों के बीच गेहूं फसल क्षति के मुआवजे का चेक वितरित करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का स्पष्ट निर्देश है कि सरकारी खजाने पर आपदा पीड़ित परिवारों का पहला अधिकार है और इस सिद्धांत का हर हाल में पालन होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान प्रभावित किसानों ने मंत्री से शिकायत की कि फसल क्षति का आकलन कम किया गया, जिससे उन्हें अपेक्षा से कम मुआवजा मिला। इस पर श्री कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन की समीक्षा कर जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने बिरजू बीघा और गोपडीहा गांव के नौ लाभुकों के बीच कुल 59,112 रुपये के मुआवजा चेक वितरित किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित