जयपुर , अप्रैल 11 -- किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा है कि सरकार को प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना के तहत फसल का बीमा कराने वाले किसानों की सूची सार्वजनिक करनी चाहिए जिसमें कांटा गया प्रीमियम एवं किसानों को दिया गया प्रीमियम उल्लेखित हो।

श्री जाट टोंक के नवाबपुरा गांव में शुक्रवार को रात्रि चौपाल कार्यक्रम के तहत् ग्रामीणों के साथ चर्चा करते हुए आपदा राहत कोष एवं प्रधानमंत्री फ़सल बीमा पॉलिसी वितरण एवं मुआवजा पर किसानों का पक्ष रख रहे थे। उन्होंने कहा कि फसल बीमा पॉलिसी का वितरण नहीं किया जा रहा जिसके कारण किसानों में फ़सल बीमा को लेकर जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में सरकार को जिन किसानों का फ़सल बीमा किया है उनकी सूची ग्राम पंचायत मुख्यालय, ग्राम सेवा सहकारी समिति, गांव चौपाल पर चस्पा एवं उसमें कांटा गया प्रीमियम एवं किसानों को दिया गया प्रीमियम उल्लेखित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बे-मौसम वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण किसान की फसलें चौपट हो गई परन्तु किसानों को मुआवजा मिलेगा इसकी कोई गारंटी भी नहीं है जबकि बैंक खातों से बैंक किसान से पूछें बिना ही पैसे काटकर बीमा कम्पनियां के खातों में डाल दिया जाता है जिसकी पॉलिसी भी किसानों को उपलब्ध तक नहीं कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित